MP News: गौ तस्करों के ठिकानों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 11 घरों पर चला बुलडोजर, 1 आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भैंसवाही इलाके में पुलिस और प्रशासन ने 11 आरोपियों के अवैध निर्माण, घर और कत्ल खानों पर एक साथ बुल्डोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर कर दिया है। पूरा मामला गौ तस्करी से जुड़ा हुआ है। प्रशासन की टीम ने कार्रवाई 3 बुल्डोजर के जरिए की। कार्रवाई के लिए ग्राम भैंसवाही को छावनी में तब्दील कर दिया गया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस कार्रवाई में मंडला एसपी रजत सकलेचा, एडीएम राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम सोनल सिडाम, दो एसडीओपी के साथ 8 थानों की टीम मौजूद थी।

दरअसल, एसपी रजत सकलेचा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसवाही में गौंवंश की हत्या कर उनके मांस की तस्करी की जा रही है। इसके बाद एसपी रजत सकलेचा ने शुक्रवार देर रात आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। यहां पुलिस टीम ने गौ तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। 

पुलिस टीम को यहां 11 घरों में अवैध कत्ल खाने मिले। दबिश में पुलिस को आरोपियों के घरों से 150 से ज्यादा गोवंश के अवशेष मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। बाकी सभी रात का फायदा उठाकर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने घरों के आसपास खेतों और तबेले में लगभग 150 की संख्या में जीवित गौवंश को मुक्त कराकर प्रशासन के सहयोग से सुरक्षित गौशाला पहुंचाया गया है।

इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 11 एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद भैसवाही गांव के जो 11 घर कत्ल खाना बना हुआ था उन सभी को गिरा दिया गया है। 3 जेसीबी की मदद से इन घरों को जमींदोज कर दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post