दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। तिलवारा थाने के अंतर्गत डगडगा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सोमवार रात को पति विष्णु (38) ने पत्नी सीमा (35) की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद, विष्णु ने खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन उसी दौरान उसकी पत्नी की सांसे चल रही थीं। पत्नी के शोर मचाने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुँच गए और आरोपी को फंदे से उतारा।
हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों को धक्का देते हुए विष्णु जंगल की ओर भाग निकला। सीमा को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने पर उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात 8 बजे विष्णु और सीमा के बीच झगड़ा हुआ था। आस-पड़ोस के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया था और अपने-अपने घर लौट गए थे। लेकिन देर रात एक बार फिर दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें विष्णु ने लोहे की रॉड से सीमा पर सात बार वार किया।
विष्णु और सीमा की शादी दस साल पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। घटना के समय बच्चे गाँव में अपने चाचा के घर पर थे। तिलवारा पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है।