MP News: 27 जनवरी को महू में जुटेगी 1 लाख की भीड़, 15 कांग्रेस विधायकों को सौंपी गई जिम्मेदारी

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। कांग्रेस इस साल की सबसे बड़ी रैली 27 जनवरी को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में आयोजित करने जा रही है। इसे "जय बापू, जय भीम, जय संविधान" रैली का नाम दिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस रैली में शामिल होंगे।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए 15 विधायकों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इन विधायकों को प्रदेशभर से 1 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। पार्टी ने इस आयोजन को लेकर मालवा और निमाड़ क्षेत्रों में विशेष फोकस किया है।

जिन विधायकों को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है, उनमें झूमा सोलंकी, सचिन यादव, केदार चिड़ा, मोंटू सोलंकी, बाला बच्चन, राजन मंडलोई, सेना महेश पटेल, डॉ. विक्रांत भूरिया, वीर सिंह भूरिया, सुरेंद्र सिंह हनी बघेल, डॉ. हीरालाल अलावा, भंवर सिंह शेखावत और प्रताप ग्रेवाल शामिल हैं। हर विधायक को 5 से 10 हजार कार्यकर्ता जुटाने का निर्देश दिया गया है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पिछले आठ दिनों से निमाड़ और मालवा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। उन्होंने राऊ विधानसभा क्षेत्र से इसकी शुरुआत की। वहीं, उमंग सिंघार गंधवानी क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क में जुटे हुए हैं।

यह रैली मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लिए बड़े आंदोलन का आधार मानी जा रही है। कांग्रेस इसे आगामी चुनावों से पहले पार्टी की एकजुटता दिखाने और अपने एजेंडे को जनता के बीच मजबूत करने के रूप में देख रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post