दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शासकीय मानकुंवरबाई कला एवं वाणिज्य महिला महाविद्यालय, जबलपुर में वार्षिक स्नेह सम्मेलन के अंतर्गत वार्षिक खेलकूद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर मध्य विधानसभा के विधायक डॉ. अभिलाष पांडे थे, जबकि विशिष्ट अतिथि शारीरिक शिक्षण विभाग, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के संचालक डॉ. विशाल बन्ने और जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ठाकुर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. स्मृति शुक्ला ने की।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में, अतिथियों ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र, पदक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जिला, राज्य, विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय स्तर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। खिलाड़ी छात्राओं ने जूड़ो, कराटे और ताइक्वांडो का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, वहीं योगाचार्य संदीप यादव ने योग प्रदर्शन किया। इस आयोजन में सुशील यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में इस वर्ष सेवानिवृत्त हो रहे प्राध्यापकों को स्मृति चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित प्राध्यापकों में डॉ. पृथा बैनर्जी, डॉ. रश्मि चौबे, डॉ. जे. के. गुजराल, डॉ. सुलेखा मिश्रा, डॉ. संध्या देव और क्रीड़ा अधिकारी डॉ. ज्योति जाट शामिल रहीं। मुख्य अतिथि डॉ. अभिलाष पांडे ने छात्राओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा "खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। हर छात्रा को किसी न किसी खेल में रुचि लेकर अपनी प्रतिभा निखारनी चाहिए। संस्कारधानी ही नहीं, बल्कि राज्य, राष्ट्र और ओलंपिक स्तर पर भी हमारी बेटियां देश का नाम रोशन करने की क्षमता रखती हैं।"
विशिष्ट अतिथि डॉ. विशाल बन्ने ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास में सहायक होते हैं और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाते हैं। जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा, "खेल हमारे व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में सहायक होते हैं। वर्तमान समय में मोबाइल, लैपटॉप और वीडियो गेम्स के कारण शारीरिक क्षमता में कमी आ रही है, इसलिए मैदान में खेलना बहुत आवश्यक है।"प्राचार्य डॉ. स्मृति शुक्ला ने वार्षिक प्रतिवेदन का वाचन किया और छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलों में रुचि लेने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एम. ए. आरिफ ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. जे. के. गुजराल ने किया। इस अवसर पर डॉ. ब्रह्मानंद त्रिपाठी, डॉ. दीपक श्रीवास्तव, डॉ. मनोज प्रियदर्शन, डॉ. नीना उपाध्याय, डॉ. राजहंस, डॉ. सपना चावला, डॉ. उज्ज्वला खारपाटे, डॉ. विजया कोष्टा, डॉ. इंद्र सिंह बरकड़े सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।