दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के आव्हान पर वर्ष 2025 को संगठन संघर्ष वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है। इसी कड़ी में जबलपुर नगर कांग्रेस कमेटी ने वार्ड भ्रमण कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर पहुंचकर संगठन को मजबूत करेंगे और आम जनता की समस्याओं को समझते हुए उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे।
28 फरवरी से त्रिपुरी में होगी शुरूआत
इस कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए कांग्रेस कार्यालय बल्देवबाग में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 28 फरवरी 2025 से वार्ड भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम वार्ड क्रमांक 1 त्रिपुरी से की जाएगी। नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि यह अभियान संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता के हक की लड़ाई को और अधिक प्रभावशाली बनाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है, और यह वार्ड भ्रमण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
बूथ स्तर पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से होगा संवाद
इस अभियान के तहत बूथ स्तर पर कार्य कर रहे कांग्रेस के छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। इसके अलावा, वार्ड भ्रमण के दौरान जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से समझा जाएगा और उनके समाधान के लिए संघर्ष किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता और कांग्रेस संगठन के बीच सीधा जुड़ाव स्थापित करना और सरकार की नाकामियों को उजागर कर जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है। बैठक का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरलीधर राव ने किया। इस दौरान दिनेश यादव, पूर्व विधायक संजय यादव, पं. अतुल नरेश बाजपेयी, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश यादव, भगत राम, रविंद्र गौतम, शेखर सोनी, राजेश यादव, पूर्व पार्षद अभिषेक यादव, टीकाराम कोष्टा, बलवंत गुर्जर, शिवकुमार चौबे, मदन लारिया, मनीष सराफ, प्रबेन्द्र सिंह चौहान, कलीम खान, रामदास यादव, चमन पासी, रितेश नोतनानी, सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस नेता रितेश गुप्ता, बंटी द्वारा किया गया