Jabalpur News: दोनों हाथ टूटने के बावजूद बादल ने नेशनल चैंपियनशिप में जीते दो स्वर्ण पदक

महापौर और निगमाध्यक्ष ने किया सम्मानित

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
हरियाणा के लोहारू में आयोजित 34वीं नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग और इंक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप में जबलपुर के बादल सिंह परिहार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन किया। खास बात यह है कि एक दुर्घटना में दोनों हाथ टूटने के बावजूद बादल ने अपने हौसले और मेहनत के दम पर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की।

बादल सिंह की इस उपलब्धि पर जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमाध्यक्ष रिकुंज विज ने उन्हें नगर निगम कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया। इस दौरान महापौर ने बादल को 5100 रुपये की नगद राशि भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महापौर ने कहा, "बादल की यह उपलब्धि न केवल जबलपुर बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उनका संघर्ष और सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।"

105 किलो भार वर्ग की जूनियर कैटेगरी में भाग लेते हुए बादल सिंह ने अपनी असाधारण शक्ति और कौशल का प्रदर्शन किया और दो स्वर्ण पदक जीते। उनका यह सफर आसान नहीं था, क्योंकि एक दुर्घटना में उनके दोनों हाथ टूट गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत से खुद को फिर से तैयार किया।

इस अवसर पर बादल सिंह के पिता संजय सिंह परिहार भी मौजूद थे। उन्होंने महापौर और निगमाध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्नेह और सम्मान उनके बेटे के लिए बहुत प्रेरणादायक है।

Post a Comment

Previous Post Next Post