Jabalpur News: शादी समारोह में विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस बार शादी समारोह में शामिल हुए युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शादी समारोह में हुआ विवाद, चाकूबाजी में गई जान

घटना गढ़ा थाना क्षेत्र के शक्ति नगर की है, जहां रजक समाज के शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ। मृतक अभिषेक रजक, जो अधारताल थाना क्षेत्र के गायत्री नगर का निवासी था, शादी में शामिल होने आया था। समारोह के दौरान लड़की पक्ष के कुछ युवकों का पड़ोस के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया। जब शोरगुल मचा तो अभिषेक विवाद को शांत कराने पहुंचा। इसी दौरान वहां मौजूद करण रजक और अर्जुन रजक नामक युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

मौके पर तड़पता रहा युवक, अस्पताल में हुई मौत

चाकू लगते ही अभिषेक जमीन पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हालत में तड़पता रहा। चूंकि घटना स्थल के आसपास अंधेरा था, इसलिए कोई तुरंत उसे देखने नहीं पहुंचा। करीब आधे घंटे तक वह घायल अवस्था में पड़ा रहा। जब अभिषेक के भाई शेखर रजक ने उसकी तलाश शुरू की, तब उसे घायल अवस्था में पड़ा पाया। आनन-फानन में परिवारवालों को सूचना दी गई और अभिषेक को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों से बयान लिए और हत्या का मामला दर्ज कर लिया। आरोपी करण और अर्जुन रजक घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 वारदात से क्षेत्र में दहशत

इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि जबलपुर में असामाजिक तत्व बेखौफ हो चुके हैं और मामूली विवाद में भी चाकूबाजी की घटनाएं आम हो गई हैं। शहरवासी प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post