Breaking News: ईडी ने BBC इंडिया पर लगाया 3.4 करोड़ का जुर्माना

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) नियमों के उल्लंघन के आरोप में BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया पर 3.44 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही, BBC के तीन डायरेक्टर्स पर भी 1.14 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई भारतीय विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत की गई है।

FDI नियमों के उल्लंघन का मामला

BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया एक 100% FDI वाली कंपनी है, लेकिन सरकार द्वारा 2019 में डिजिटल मीडिया में FDI की सीमा 26% निर्धारित किए जाने के बावजूद BBC ने इसका पालन नहीं किया। ED ने 4 अगस्त 2023 को BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया, इसके तीन डायरेक्टर और वित्त प्रमुख को शो-कॉज नोटिस जारी किया था।

FEMA नियमों के तहत जुर्माना

BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया पर कुल 3,44,48,850 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा, FEMA 1999 के प्रावधानों के उल्लंघन के लिए 15 अक्टूबर 2021 के बाद से हर दिन 5,000 रुपये का अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया गया है, जब तक कि कंपनी नियमों का पालन नहीं करती।

BBC के दिल्ली-मुंबई ऑफिस पर IT रेड

इससे पहले फरवरी 2023 में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने BBC के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर रेड की थी। BBC पर इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का आरोप था। दिल्ली के KG मार्ग स्थित HT टावर में BBC के ऑफिस पर छापेमारी की गई थी, जहां पांचवीं और छठी मंजिल पर IT टीम ने जांच की थी।

BBC वर्ल्ड सर्विस के तहत काम करता है दिल्ली ऑफिस

BBC वर्ल्ड सर्विस ब्रिटिश सरकार की संस्था है, जो 40 भाषाओं में खबरें प्रसारित करती है। ब्रिटेन की संसद ग्रांट के जरिए इसकी फंडिंग होती है और इसका मैनेजमेंट फॉरेन एंड कॉमनवेल्थ ऑफिस के माध्यम से किया जाता है। BBC को 1927 में रॉयल चार्टर के तहत स्थापित किया गया था।

ED की इस कार्रवाई के बाद BBC इंडिया को अपने FDI नियमों के पालन के लिए जरूरी कदम उठाने होंगे, अन्यथा आगे और कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post