दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सांसद आशीष दुबे ने केन्द्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया से संस्करधानी जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण का आग्रह किया है। दुबे ने नई दिल्ली में डॉ. मांडविया से भेंट कर इस आशय का पत्र भी सौंपा। पत्र में सांसद आशीष दुबे ने विभिन्न तथ्यों को उल्लेखित करते हुए केन्द्रीय खेल मंत्री मंडाविया को बताया कि जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण क्यों आवश्यक है।
सांसद दुबे ने केंद्रीय मंत्री डॉ.मंडाविया को सौंपे गए पत्र में कहा कि जबलपुर मध्यप्रदेश का प्रमुख नगर है जहां अनेक विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्थापित हैं। ट्रिपल आईटी डीएम भी यहां स्थापित है और शिक्षा का प्रमुख केन्द्र होने के साथ-साथ रक्षा विभाग का भी प्रमुख केंद्र है। जबलपुर में रक्षा विभाग के विभिन्न संस्थान भी स्थापित हैं। सांसद दुबे ने केन्द्रीय खेल मंत्री को बताया कि विभिन्न खेलों के लिए जबलपुर में बहुत अनुकूल वातावरण है और अनेक राष्ट्रीय और अंर्तराष्ट्रीय खिलाड़ी जबलपुर से निकलकर विश्व पटल पर अपनी पहचान बना चुके हैं। यहां के युवाओं का खेलों के प्रति रुझान और आकर्षण ज्यादा होने के बावजूद जबलपुर में खेलों के संसाधन सीमित हैं जिस कारण खिलाडिय़ों की प्रतिभा को वह राष्ट्रीय एवं अंर्तराष्ट्रीय पहचान नहीं मिल पाती जो मिलना चाहिए।
सांसद आशीष दुबे ने केन्द्रीय खेल मंत्री डॉ.मनसुख मंडाविया से कहा कि इन विभिन्न तथ्यों के तारतम्य में जबलपुर में एक अंर्तराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण की महती आवश्यकता है जिसके निर्माण से महाकौशल सहित मध्य भारत के अनेक जिलों को लाभ मिलेगा।
सांसद दुबे ने कहा कि जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण और संचालन से नगर में रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ-साथ पर्यटन में भी वृद्धि होगी जिससे स्थानीय व्यवसाईयों को लाभ मिलेगा वहीं नगर की व्यापारिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर पड़ेगा।उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण से
नगर में खेलों को बढ़ावा मिलेगा जिससे युवाओं की खेलों में रुचि भी बढ़ेगी और उन्हें प्रोत्साहन भी मिलेगा। सांसद दुबे ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण से नगर में बड़ी सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकता है, जिससे स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा साथ ही जबलपुर की आधुनिक और विकसित शहर के रूप में नई पहचान बनेगी।उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण से नगर की सड़कें, पार्किंग सहित बुनियादी ढांचे पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा वहीं नगर विकास को भी गति मिलेगी जिससे जबलपुर को और विकसित और समृद्ध बनाया जा सकेगा।