Mahakumbh News: महाशिवरात्रि स्नान पर्व की तैयारियों की समीक्षा, प्रशासन ने की व्यापक निगरानी

दैनिक सांध्य बन्धु लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने महाकुंभ नगर में महाशिवरात्रि स्नान पर्व की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्य सचिव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महाकुंभ के अंतिम चरण के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और 26 फरवरी को होने वाले महाशिवरात्रि स्नान पर्व में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

मुख्य सचिव ने बताया कि गंगा और यमुना के जलस्तर को नियंत्रित रखने और गाद (सिल्ट) हटाने के लिए सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए हैं। इस समय गंगा में 11 हजार क्यूसेक और यमुना में 9 हजार क्यूसेक जल छोड़ा जा रहा है, जिससे संगम क्षेत्र में कुल 20 हजार क्यूसेक जल की आपूर्ति हो रही है। जल गुणवत्ता मानकों का पालन किया जा रहा है, और जल में घुलित ऑक्सीजन का स्तर 9-10 पीपीएम और बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड तीन से कम है, जो स्नान के लिए उपयुक्त माने जाते हैं।

मुख्य सचिव ने महाकुंभ-2025 के विस्तार की संभावना को नकारते हुए कहा कि यह एक खगोलीय घटना है, जो ग्रह-नक्षत्रों के आधार पर आयोजित होती है। इसे मनमाने तरीके से बढ़ाया नहीं जा सकता।

भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को लेकर भी प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शनिवार और रविवार के दिनों में विशेष व्यवस्था की जाएगी। डीजीपी ने सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की बात की और बताया कि अब तक 50 से अधिक एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।

मुख्य सचिव और डीजीपी ने संगम घाटों का निरीक्षण किया और साफ-सफाई की व्यवस्था को परखा। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post