दैनिक सांध्य बन्धु सतना/जबलपुर। सतना जिले के मैहर में रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एनएच-30 पर पहाड़ी गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे वाहन में सवार दंपती की मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग प्रयागराज महाकुंभ से जबलपुर लौट रहे थे।
मौके पर ही हुई पति की मौत, पत्नी ने अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे में वीरेंद्र सिंह यादव (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी विमला देवी (55) ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल, महिला की हालत नाजुक
घायलों में बोलेरो के ड्राइवर सत्यनारायण (50), उनकी पत्नी सुशीला देवी (45), वीरेंद्र की बेटी प्रीति यादव (23), भरत साहू (29), चांदनी कुमारी (11) और स्वाति कुमारी (7) शामिल हैं। सभी को सिविल अस्पताल मैहर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण सुशीला देवी की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है।