MP News: जबलपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश में फैला था देह व्यापार का नेटवर्क

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। अशोका गार्डन थाना पुलिस की गिरफ्त में आए मानव तस्करी और देह व्यापार कराने वाले गिरोह का नेटवर्क जबलपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश में फैला हुआ था। 25 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर चल रही पूछताछ में गिरोह की महिला एजेंट पूजा उर्फ जोया ने कई अहम खुलासे किए हैं।

सूत्रों के अनुसार, गिरोह जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में लड़कियां सप्लाई करता था। लड़कियों की प्रोफाइल मोबाइल पर भेजी जाती थी, और कई बार उन्हें गिरोह के सरगना आशुतोष के अरेरा कॉलोनी स्थित घर में ठहराया जाता था, जो फिलहाल बंद है। पुलिस को इस गिरोह के मध्यप्रदेश के बाहर भी लिंक मिलने की जानकारी मिली है।

गौरतलब है कि अशोका गार्डन इलाके से अगवा हुई 15 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने 2 साल बाद अशोक नगर से बरामद किया, जिसके बाद मानव तस्करी करने वाले इस बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ। इस मामले में जबलपुर सहित पूरे प्रदेश के 28 आरोपी बनाए गए हैं, जिनमें से 20 से ज्यादा को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। 

जबलपुर में हो सकती है कार्यवाही 

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार जबलपुर के विजयनगर क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल और एक स्पा सेंटर के खिलाफ कार्यवाही की जा सकती है। पुलिस ने गिरोह के 20 मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं, जिससे कई और राज खुल सकते हैं। इसके अलावा गिरोह से जुड़े पांच बैंक अकाउंट की डिटेल भी संबंधित बैंकों से मांगी गई है, जिससे यह पता लगाया जाएगा कि इन आरोपियों ने देह व्यापार के जरिए कितनी संपत्ति अर्जित की है।

जबलपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश में फैले इस गिरोह का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस अब अन्य शहरों में भी इस नेटवर्क की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post