दैनिक सांध्य बन्धु मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के जौरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 5 साल के मासूम विहान उर्फ गप्पू की पड़ोसी अभिषेक शाक्य (21) ने गोली मारकर हत्या कर दी।
मंगलवार रात विहान अपने दादा रामेश्वर शाक्य के साथ शादी समारोह में गया था। तभी पड़ोसी अभिषेक शाक्य बाइक पर कट्टा लहराते हुए वहां से निकला। रामेश्वर शाक्य ने उसे ऐसा करने से मना किया, तो वह गालियां देने लगा और धमकी दी। पांच मिनट बाद वह लौटा और मासूम विहान के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही विहान दादा की गोद में गिर पड़ा और अंतिम शब्द बोले— "हो बाबा"... इसके बाद उसने दम तोड़ दिया।
![]() |
विहान उर्फ गप्पू |
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी अभिषेक कट्टा चलाते हुए नजर आया। घटना के बाद वह अपने पिता बृजेश और दादा मुरली शाक्य के साथ फरार हो गया। पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बदमाश था आरोपी
स्थानीय लोगों के अनुसार, अभिषेक शाक्य इलाके में सिरफिरा और बदमाश माना जाता था। वह अक्सर गुंडागर्दी करता था। शादी में न बुलाए जाने के कारण उसने महज टशन में आकर 5 साल के मासूम की हत्या कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
पहले पुलिस इसे हर्ष फायरिंग मान रही थी, लेकिन फोरेंसिक रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि गोली सीधे सीने में मारी गई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
![]() |
अभिषेक शाक्य |
बेटे का शव जब ग्वालियर स्थित घर पहुंचा तो मां बेसुध हो गई। वह बार-बार बेटे के बारे में पूछ रही थी और उसकी अंतिम झलक देखने को तड़प रही थी।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन जगह दबिश
जौरा थाना प्रभारी उदयभान सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।