दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। महाराजपुरा थाना पुलिस ने रसूलपुर इलाके में गांजा तस्करी कर रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से 700 ग्राम गांजा बरामद किया है।
महाराजपुरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रसूलपुर क्षेत्र में एक महिला गांजा बेच रही है। सूचना पर एएसआई मनोज शर्मा, रामकुमार कटारे, आरक्षक सुभाष सिंह तोमर सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर महिला भागने लगी, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके पास मौजूद थैले की तलाशी लेने पर 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार महिला की पहचान रीता गौड़ पत्नी शिवम के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि महिला को गांजा सप्लाई कौन कर रहा था और उसके गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी कर सकती है।