Jabalpur News: जबलपुर में बनेगा 1.2 किमी लंबा फ्लाई ओवर, 180 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए संजीवनी नगर से जीरो डिग्री एकता चौक तक 1.2 किलोमीटर लंबे आरओबी सह फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 180 करोड़ रुपए होगी।

मुख्य बजट में हुआ शामिल

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को प्रदेश सरकार के मुख्य बजट 2025-26 में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि जीरो डिग्री विजय नगर से रेल लाइन पार संजीवनी नगर तक फ्लाई ओवर की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

पश्चिम और उत्तर विधानसभा क्षेत्र होंगे सीधे जुड़े

यह नया फ्लाई ओवर रेल लाइन के दोनों ओर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों को जोड़ेगा, जिससे पश्चिम और उत्तर विधानसभा क्षेत्र सीधे जुड़ जाएंगे। वर्तमान में इन क्षेत्रों के बीच कोई सीधा मार्ग उपलब्ध नहीं है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

जबलपुर में कई फ्लाई ओवर प्रोजेक्ट जारी

शहर में दमोह नाका से मदनमहल तक प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर लगभग पूरा होने को है। इसके अलावा, सीआरएफ के अंतर्गत कई अन्य फ्लाई ओवर प्रस्तावित हैं, जिनमें शामिल हैं—

आदर्श नगर साईं मंदिर से बंदरिया तिराहा होते हुए अनगढ़ महावीर मंदिर और हवाबाग कॉलेज तक का मार्ग।

होटल ऋषि रीजेंसी से हाई कोर्ट चौक, घमापुर चौक और भान तलैया से रद्दी चौकी कैप्टन हमीद चौक तक फ्लाई ओवर।

एम्पायर तिराहा से पैंटी नाका होते हुए वाय.एम.सी.ए. ग्राउंड तक फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य जारी।

इस नए फ्लाई ओवर के निर्माण से शहर के नागरिकों को यातायात जाम से राहत मिलेगी और सफर आसान होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post