दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। वर्धाघाट क्षेत्र में युवक पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना बीती शाम करीब 7 बजे की है, जब हर्ष कोल (24), निवासी ग्राम रिठौरीकला, अपने छोटे भाई गौरव कोल (18) के साथ वर्धाघाट में होली का टीका लगाने गया था। इसी दौरान वर्धाघाट निवासी विष्णु दाहिया उर्फ अन्ना वहां आया और पुरानी रंजिश के चलते गौरव के साथ गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर अन्ना ने चाकू से गौरव पर हमला कर दिया, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट आई।
गंभीर रूप से घायल गौरव को तत्काल शासकीय अस्पताल रांझी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे विक्टोरिया अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर खमरिया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296 और 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आनंद कलादगी (भा.पु.से.) एवं नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खमरिया श्रीमती सरोजनी टोप्पो के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णु दाहिया उर्फ अन्ना (23), निवासी वर्धाघाट, को अभिरक्षा में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।