पोस्ट का स्क्रीनशॉट वायरल होने से गहराया विवाद
ब्राह्मण समाज के पंडित राम दुबे ने रेखा विनोद जैन की विवादित पोस्ट का स्क्रीनशॉट लेकर इसे दोबारा फेसबुक पर साझा कर दिया। इसके बाद ब्राह्मण समाज और हिंदू संगठनों में रोष फैल गया। कई भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देते हुए कांग्रेस पर ब्राह्मण विरोधी मानसिकता अपनाने का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हिंदू आस्था और ब्राह्मण समाज का अपमान किया है। कांग्रेस अपने नेताओं को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने से नहीं रोक रही है, जो कि निंदनीय है।
कांग्रेस नेत्री को कारण बताओ नोटिस जारी
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने रेखा विनोद जैन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि उन्हें जल्द से जल्द इस मामले पर स्पष्टीकरण देना होगा। अगर वे संतोषजनक जवाब नहीं देती हैं, तो पार्टी से निष्कासन की कार्रवाई की जा सकती है।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा का कहना है कांग्रेस किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँचाने के पक्ष में नहीं है। कांग्रेस का उद्देश्य समाज को जोड़ना है, न कि किसी भी वर्ग को आहत करना। नेत्री की पोस्ट उनके व्यक्तिगत विचार हो सकते हैं, लेकिन पार्टी ऐसे किसी भी बयान का समर्थन नहीं करती है। हमारे द्वारा नेत्री को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है जिसकी प्रति प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री संजय कॉवले को भेज दी गई।
ब्राह्मण समाज में आक्रोश
ब्राह्मण समाज के लोगों ने इस पूरे मामले को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने मांग की है कि रेखा विनोद जैन को पार्टी से निष्कासित किया जाए और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए।
इस विवाद के बाद जबलपुर का राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। भाजपा इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हो गई है, जबकि कांग्रेस नेत्री के जवाब का इंतजार कर रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस इस मामले को किस तरह से संभालती है और रेखा विनोद जैन को पार्टी से बाहर किया जाता है या नहीं।