Gwalior News: पड़ाव थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक की मौत, 5 महीने पहले सीढ़ियों से गिरकर हुआ था ब्रेन हेमरेज

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर के पड़ाव थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक राजवीर सिंह यादव का मंगलवार शाम निधन हो गया। करीब पांच महीने पहले घर की सीढ़ियों से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोट आई थी, जिससे ब्रेन हेमरेज हो गया था। इसके बाद से ही उनका इलाज चल रहा था, लेकिन दो दिनों से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया।

राजवीर सिंह यादव (45) ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र की पुलिस कॉलोनी में रहते थे। 21 अक्टूबर 2024 को ड्यूटी खत्म करने के बाद जब वे घर पहुंचे तो थकान के कारण सीढ़ियों पर बैठ गए। इसी दौरान उनकी आंख लग गई और वे अचानक नीचे गिर पड़े। गिरने से उन्हें सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते ब्रेन हेमरेज हो गया। परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया।

गंभीर चोट के बाद से ही राजवीर अस्पताल में भर्ती थे, लेकिन पिछले दो दिनों से उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई थी। डॉक्टर लगातार उनकी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मंगलवार शाम को उनका निधन हो गया।

राजवीर सिंह यादव अपने मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके छोटे कद के कारण साथी पुलिसकर्मी और अधिकारी उन्हें प्यार से "छोटू दीवान जी" कहकर बुलाते थे। उनकी सादगी और व्यवहार की वजह से पूरे पुलिस विभाग में उनकी लोकप्रियता थी।

प्रधान आरक्षक के निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। मामले की पुष्टि करते हुए थाटीपुर थाना प्रभारी कमल किशोर पाराशर ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post