Jabalpur News: नगर निगम की 75वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाने की मांग, कांग्रेस पार्षदों ने मुख्यमंत्री से मांगे 500 करोड़

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर नगर निगम की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर इसे भव्य तरीके से मनाने की मांग उठी है। कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव को मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम एक प्रस्ताव सौंपकर अनुरोध किया कि 1 जून 2025 को नगर निगम की डायमंड जुबली सेरेमनी के रूप में मनाया जाए।

कांग्रेस पार्षदों ने इस अवसर पर नगर निगम को विकास कार्यों के लिए 500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने की भी मांग की है।

नगर निगम की स्थापना एक ऐतिहासिक प्रक्रिया रही है। 1864 में इसे नगर समिति के रूप में लखनऊ नगर पालिका अधिनियम के तहत स्थापित किया गया था। 1935 में इसमें परिवर्तन हुए और 1948 में मध्य प्रदेश में नगर पालिका अधिनियम बना। अंततः 1 जून 1950 को जबलपुर नगर निगम की स्थापना हुई। इस वर्ष नगर निगम के 75 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, जिसे कांग्रेस पार्षद दल ने गौरव का अवसर बताया है।

जिला शहर कांग्रेस पार्षद दल के सचेतक अयोध्या तिवारी के नेतृत्व में समस्त कांग्रेस पार्षदों ने यह मांग रखी। उनका कहना है कि यह आयोजन शहरवासियों के लिए गर्व का विषय होगा और इसे बड़े उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए।

कांग्रेस पार्षदों ने यह भी बताया कि जबलपुर नगर निगम वित्तीय संकट से जूझ रहा है। शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए 500 करोड़ रुपये की राशि आवंटित करने की आवश्यकता है।

इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता गुड्डु नबी, पार्षद संतोष दुबे पंडा, अदिति अतुल बाजपेयी, वकील अंसारी, अख्तर अंसारी, सत्येन्द्र चौबे, हर्षित यादव, राकेश पांडे, प्रमोद पटेल, राजेश यादव, गार्गी रामकुमार यादव, मथुरा चौधरी, दिनेश गुड्डू तामसेतवार और अनुपम जैन सहित कई पार्षद मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post