दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बड़ा हादसा हुआ। लेबर रूम में लगे एसी के फटने से आग लग गई, जिससे पूरा प्रसूति वार्ड धुएं से भर गया। इस दौरान वार्ड में भर्ती 56 महिलाओं और नवजात शिशुओं को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। मरीजों को सुरक्षित सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।
रात करीब 1:30 बजे लेबर रूम में मौजूद एसी में ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। उस समय वहां 16 महिलाएं भर्ती थीं, जबकि बगल के वार्ड में 50 अन्य महिला मरीज मौजूद थीं। धुआं फैलने के कारण दम घुटने की स्थिति बनने लगी, जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया।
अस्पताल के स्टाफ, सिक्योरिटी गार्ड और अटेंडर्स ने मिलकर खिड़कियां तोड़ीं और मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ लोगों को बचाव के दौरान चोट भी आई, लेकिन सभी मरीज और नवजात सुरक्षित हैं।
सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने कहा कि घटना की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी और एसी ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जाएगा।
मरीजों के परिजनों और अस्पताल कर्मियों की तत्परता से बड़ी जनहानि टल गई। अटेंडर दीपक कुमार ने बताया कि धुएं के कारण दम घुटने लगा था, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।