दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में विकास कार्यों को गति देने के लिए 3200 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा आवंटित 13 हजार करोड़ रुपये के बजट में से जबलपुर के लिए यह राशि मंजूर की गई है।
इस फंड से 1600 करोड़ रुपये की लागत से 6 फ्लाईओवर और एक रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके अलावा, नई सड़कों का निर्माण और पुरानी सड़कों का जीर्णोद्धार भी किया जाएगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुगम होगी।
मऊगंज मामले पर बोले मंत्री
मऊगंज की घटना पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि जो भी कानून तोड़ेगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
राकेश सिंह ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 57 वर्षों तक देश को जाति, धर्म और वर्गों में बांटने का काम किया। साथ ही, मंडला में हुए नक्सल एनकाउंटर पर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नक्सलियों को संरक्षण देकर आतंकवाद को बढ़ावा दिया।