Jabalpur News: संस्कारधानी में होली का जोश चरम पर, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में आज शुक्रवार को होली का उत्साह चरम पर है। रंगों के इस पर्व के साथ ही रमजान के पवित्र महीने का पहला जुम्मा भी पड़ने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बड़ी ओमती मस्जिद सहित संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। रेंज के डीआईजी संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं ताकि शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे।

PWD मंत्री राकेश सिंह के बंगले पर होली का जश्न

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के सिविल लाइन स्थित आवास पर परंपरागत रूप से होली मनाई गई। मंत्री समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ ऑर्केस्ट्रा की धुन पर जमकर थिरके। होली के रंग में सराबोर मंत्री ने सभी को बधाई दी और त्योहार का आनंद लिया।

गोल बाजार में संस्था सुप्रभातम ने बुजुर्गों संग मनाई होली

संस्कारधानी जबलपुर के गोल बाजार में संस्था सुप्रभातम परिवार ने बुजुर्गों के साथ मिलकर होली का जश्न मनाया। संस्था के सुधीर साहू और आलोक पाठक ने बताया कि वे पिछले 30-35 वर्षों से इसी परंपरागत अंदाज में होली मना रहे हैं। इस दौरान संस्था के सभी सदस्य एकजुट होकर बुजुर्गों के साथ रंगों की खुशियां बांटते हैं।

शहरभर में होली की धूम

शहर के विभिन्न इलाकों में टोलियां बनाकर होली का जश्न मनाया जा रहा है। गोल बाजार, मालवीय चौक, सिविक सेंटर, कोतवाली, कमानिया, हनुमानताल, मिलोनीगंज, नेपियर टाउन, राइट टाउन, सिविल लाइन, गोरखपुर, गढ़ा, रामपुर और सदर जैसे प्रमुख स्थानों पर रंग और गुलाल की बौछार देखने को मिल रही है।

शहर की महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे अपने-अपने समूहों के साथ उत्साह से होली का आनंद ले रहे हैं। कहीं डीजे की धुन पर नृत्य हो रहा है तो कहीं फाग गीतों की मस्ती छाई हुई है। लोग गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं और रंगों में सराबोर हो रहे हैं।

शहर में होली का यह पारंपरिक उत्साह देखते ही बन रहा है, जहां हर कोई रंगों की मस्ती में डूबा नजर आ रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post