दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने 450 किलो गांजा तस्करी के मास्टरमाइंड को आंध्रप्रदेश और ओडिशा की सीमा से गिरफ्तार कर लिया है। महाराजपुरा थाना पुलिस की टीम ने पांच दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद इस आरोपी को पकड़ा। आरोपी नक्सल प्रभावित क्षेत्र में छिपा हुआ था, जहां पुलिस जाने से कतराती थी।
वर्ष 2023 में ग्वालियर पुलिस ने 450 किलो गांजा से भरे ट्रक को जब्त कर इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि इस तस्करी का मुख्य सरगना सुभाष चंद्र पुत्र कांता पांगी, निवासी पांडवा, जिला खरगपुर (ओडिशा) है। आरोपी लगातार सीमा पार कर पुलिस से बच निकलता था, जिसके चलते दो साल तक पुलिस उसे पकड़ नहीं पाई।
एसआई सौरभ श्रीवास्तव, श्याम सुंदर सिंह, प्रधान आरक्षक अरविंद तोमर, आरक्षक राघवेन्द्र और नीरज बघेल की टीम ने दस दिनों तक आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पुलिस को स्थानीय सुरक्षा बलों की मदद लेनी पड़ी। जैसे ही आरोपी ने सीमा पार की, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। सुरक्षा कारणों से उसे करीब 100 किलोमीटर दूर ले जाकर वाहन रोका, ताकि उसके सहयोगी कोई हमला न कर सकें।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी नक्सल क्षेत्र में गांजे की खेती करवाता था और वहीं से इसकी सप्लाई करता था। इस कारण उसे पकड़ना बेहद मुश्किल हो गया था।
एएसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि आरोपी को पुलिस टीम ओडिशा से गिरफ्तार कर ग्वालियर लाई है। उससे लगातार पूछताछ जारी है और जल्द ही गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।