दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना माढ़ोताल क्षेत्र में एक व्यक्ति की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और एक विधि विवादित बालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 11 मार्च की रात लगभग 10 बजे की है, जब बच्चूराम नुनिया (45) अपने घर में बेटे नकुल नुनिया (18) के साथ थे। इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले रजीवा अपने साथी राज चौधरी, मुकेश चौधरी और एक अन्य किशोर के साथ पहुंचे और विवाद शुरू हो गया।
आरोपियों ने बच्चूराम नुनिया पर चाकू, लाठी और पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। नकुल बीच बचाव करने आया, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। घायल अवस्था में बच्चूराम नुनिया को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पहले मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद हत्या की धाराएं बढ़ा दी गईं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई, जिसने तेजी से कार्रवाई करते हुए रजीवा उर्फ राजा (21), मुकेश अहिरवार (29), रोहित उर्फ सर्वेश अहिरवार (25), राज अहिरवार (21) और 16 वर्षीय विधि विवादित बालक को गिरफ्तार कर लिया।