दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में समरसता सेवा संगठन द्वारा आयोजित समरसता होली महोत्सव की भव्य शुरुआत हुई। रंगपंचमी के अवसर पर निकाली गई समरंग यात्रा में श्रद्धालुओं और संतों की विशेष उपस्थिति रही।
भव्य शोभायात्रा और पुष्पवर्षा
श्रीराम जानकी मंदिर, छोटा फुहारा से प्रारंभ हुई यह यात्रा मिलौनीगंज चौक, सुभाष टाकीज, कोतवाली, कमानिया, बड़ा फुहारा, लार्डगंज, सुपर बाजार और मालवीय चौक होते हुए डी.एन. जैन कॉलेज मैदान पहुंची। रास्ते में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
आकर्षक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में कई सुंदर और भव्य झांकियां शामिल रहीं, जिनमें प्रमुख रूप से बृज की होली, अवध की होली, सामाजिक समरसता, परिवार सभा, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़ी झांकियां शामिल थीं।
डी.एन. जैन कॉलेज मैदान में विशेष आयोजन
कार्यक्रम स्थल पर समरसता की होली का विशेष आयोजन किया गया। यहां पारंपरिक राई और फाग गायन हुआ, साथ ही पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव का आनंद बढ़ाया।
गंगा जल और पावन गुलाल का वितरण
एक विशेष आयोजन के तहत संतों के कर कमलों से प्रयागराज के संगम तट से लाए गए मां गंगा के पवित्र जल और होली की पावन गुलाल का वितरण किया गया, जिससे श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष संदीप जैन ने बताया कि यह महोत्सव लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है और संतों के सानिध्य व सर्व समाज की उपस्थिति से यह और भी भव्य बन गया है।