दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सहजपुर बड़खेरा पंचायत से मिट्टी लेकर जा रहे एक हाईवा चालक की लापरवाही ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय गोमाबाई अपनी नातिन खुशी पटेल के साथ मोपेड (MP 20 SX 6736) से सिद्धवन आश्रम दर्शन के लिए जा रही थीं। जैसे ही वे आश्रम के पास पहुंचीं, तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही खुशी और उनकी दादी सड़क पर गिर गए, लेकिन हाईवा का पिछला पहिया बुजुर्ग महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों ने आरोपी हाईवा चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।