दैनिक सांध्य बन्धु मुरैना। शहर की वीआईपी रोड स्थित नवीन तहसील भवन के पास बने भगवान शिव के मंदिर को शुक्रवार रात नगर निगम ने तोड़ दिया। जब शनिवार सुबह स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने रास्ता रोककर भजन-कीर्तन किया और स्थायी रूप से शिवलिंग की स्थापना कर दी।
तीन दिन पहले हुई थी प्राण प्रतिष्ठा
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर के पास कचरे के ढेर लगे हुए थे, इसलिए कुछ दिनों पहले चंदा इकट्ठा कर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई थी। लेकिन नगर निगम ने शुक्रवार रात मंदिर को तोड़ दिया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
प्रदर्शन के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा
मंदिर तोड़े जाने की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। एक महिला, जो मंदिर निर्माण में मुख्य भूमिका निभा रही थी, सड़क पर बैठकर विरोध करने लगी। पुलिस ने बलपूर्वक उठाकर उसे एंबुलेंस से अस्पताल भिजवा दिया।
महिलाओं का भजन-कीर्तन, संतों ने जताया विरोध
विरोध के दौरान महिलाओं ने रास्ता रोककर भजन-कीर्तन किया, जबकि संतों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एसडीएम भूपेंद्र सिंह कुशवाहा ने संतों और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने।
स्थिति सामान्य, पुलिस तैनात
पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू कर दिया है, लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल अब भी तैनात है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि उसी स्थान पर फिर से मंदिर का निर्माण किया जाए। प्रशासन की ओर से अब तक इस पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है।