दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत नगर निगम द्वारा अवैध डेयरियों और गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी है। सोमवार को कैलाश टॉकीज क्षेत्र में एक डेयरी संचालक को भैंस का गोबर नाली में बहाने के आरोप में नगर निगम ने दो भैंस जब्त कर लीं।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, उक्त डेयरी संचालक को पहले भी कई बार समझाया गया था, लेकिन वह लगातार भैंस का गोबर नालियों में बहा रहा था। इससे क्षेत्र में बदबू और गंदगी फैल रही थी, जिससे स्थानीय लोग परेशान थे। अंततः नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और डेढ़ लाख रुपये मूल्य की दो भैंस जब्त कर लीं।
नगर निगम मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कैलाश टॉकीज के पास एक घर में अवैध रूप से डेयरी संचालित होती मिली। जब टीम ने जांच की, तो पाया कि वहां पाली गई भैंसों का गोबर सीधे नाली में बहाया जा रहा था। इस पर कार्रवाई करते हुए भैंसों को जब्त कर लिया गया और डेयरी संचालक को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा ऐसी गतिविधि पाई गई, तो डेयरी को पूरी तरह बंद करा दिया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त संघप्रिय के निर्देशानुसार, शहर में गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि क्षेत्र में अवैध डेयरियों को बंद किया जाएगा और भैंसें जब्त की जाएंगी, तो गोबर नालियों में बहाने की समस्या भी खत्म हो जाएगी।
नगर निगम के अनुसार, ग्वालियर के उपनगर मुरार के सिंहपुर रोड पर सबसे ज्यादा अवैध डेयरियां संचालित हो रही हैं। सिंहपुर रोड पर पटेल गार्डन के आगे करीब 100 मीटर तक सड़क पर गोबर फैला रहता है, लेकिन अब तक वहां कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा, शहर की सीमा से लगे अन्य इलाकों में भी खुलेआम गोबर सड़कों और सीवर में बहाया जा रहा है।
नगर निगम ने साफ किया है कि स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Advertisement