दैनिक सांध्य बन्धु उज्जैन। रांची से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए आ रही एक महिला के साथ ट्रेन के एसी कोच अटेंडेंट ने छेड़छाड़ कर दी। महिला के शोर मचाने पर यात्रियों ने ट्रेन में ही आरोपी की पिटाई कर दी। उज्जैन रेलवे स्टेशन पर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़कर जीआरपी को सौंप दिया।
टिकट कन्फर्म कराने के बहाने की हरकत
रांची निवासी महिला अपने पति और बच्ची के साथ शिप्रा एक्सप्रेस (22912) से सफर कर रही थी। थर्ड एसी का टिकट कन्फर्म न होने के कारण वह धनबाद स्टेशन से थर्ड एसी कोच में पहुंची। जीआरपी को दी शिकायत में महिला ने बताया कि कोच अटेंडेंट सादिक पठान, जो कि बैरसिया (भोपाल) निवासी है, उनके पास आया और टीसी से टिकट कन्फर्म कराने की बात कही। टिकट कन्फर्म होने तक उसने महिला को अपनी सीट पर बैठने को कहा।
रात में महिला सो गई, लेकिन सुबह करीब 5 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पर उसकी नींद खुली, तो उसने पाया कि अटेंडेंट उसके साथ अश्लील हरकत कर रहा था। महिला ने उसे धक्का देकर हटाया और अपने पति को इसकी जानकारी दी। उज्जैन पहुंचते ही उसने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई।
यात्रियों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने की पिटाई
महिला के आरोप के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने आरोपी की पिटाई कर दी। उज्जैन स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और उन्होंने आरोपी को पकड़कर फिर से पीटा। इसके बाद उसे जीआरपी के हवाले कर दिया गया।
जीआरपी ने बताया कि यह मामला उत्तर प्रदेश का है, इसलिए जीरो पर कायमी कर केस जांच के लिए संबंधित राज्य को भेजा जाएगा। पुलिस ने घायल अटेंडेंट को ट्रेन से उतारकर चरक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।