Jabalpur News: प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में युवक कांग्रेस ने किया मंत्री प्रहलाद पटेल के निवास का घेराव

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह के नेतृत्व में आज जबलपुर के युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री प्रहलाद पटेल के बयान के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन मंत्री पटेल द्वारा जनता को 'भिखारी' कहे जाने के बयान के विरोध में आयोजित किया गया। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके जबलपुर स्थित निवास का घेराव कर नारेबाजी की और उनके खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। 

कुछ दिनों पहले एक सभा को संबोधित करते हुए प्रहलाद पटेल ने जनता के बारे में एक विवादास्पद टिप्पणी की थी, जिसे कांग्रेस ने अपमानजनक बताया है। इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई और अब युवक कांग्रेस ने खुलकर इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का काम जनता की सेवा करना होता है, न कि उन्हें अपमानित करना। मंत्री प्रहलाद पटेल ने जिस तरह जनता को 'भिखारी' कहा, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। 

प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंत्री प्रहलाद पटेल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके बयान की निंदा की। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मंत्री को अपने बयान के लिए तुरंत जनता से माफी मांगनी चाहिए। अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी, तो युवक कांग्रेस उनके खिलाफ और उग्र आंदोलन करेगी। इस मौके पर विजय रजक, समर्थ अवस्थी, रिजवान अली कोटी, भानु यादव, संदीप जैन आदि मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post