दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। दोस्ती की आड़ में एक महिला को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। गिरवाई थाना क्षेत्र के तुलआ का पुरा में रहने वाली 34 वर्षीय महिला के साथ उसके पड़ोसी रूप सिंह जाटव ने यह घिनौना अपराध किया।
पीड़िता के अनुसार, छह महीने पहले उसकी जान-पहचान पड़ोसी रूप सिंह से हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। कुछ समय बाद आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे महिला ने ठुकरा दिया। इसी रंजिश में उसने तीन दिन पहले महिला को बहाने से पहाड़ी पर बुलाया और वहां जबरन दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी और लगातार ब्लैकमेल करने लगा। वह उस पर संबंध बनाने का दबाव डालता रहा। जब महिला ने यह बात अपने पति को बताई, तो दोनों ने मिलकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
गिरवाई थाना प्रभारी सुनेन्द्र नाथ सिंह यादव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी रूप सिंह जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ जारी है।