दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता बादशाह सिंह के बेटे राजदेव सिंह पर मध्य प्रदेश में दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगा है। उनकी पत्नी ने भोपाल के महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि राजदेव सिंह और उनके परिवार ने शादी के बाद 3 करोड़ रुपये नकद और एक फॉर्च्यूनर कार की मांग की।
राजदेव सिंह की शादी 2022 में मध्य प्रदेश के छतरपुर के शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाली युवती से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। पीड़िता ने बताया कि लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर वह भोपाल में अपने रिश्तेदारों के यहां रहने लगी।
भोपाल आने के बाद दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिशें हुईं। करीब दो महीने तक कोर्ट में काउंसलिंग चली, लेकिन कोई हल नहीं निकला। आखिरकार पत्नी ने पुलिस से मदद मांगी और मामला दर्ज करवाया।
पूर्व मंत्री बादशाह सिंह बुंदेलखंड की राजनीति में बड़ा नाम हैं। वह 2007 में बसपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं और अब समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं। बेटे पर दर्ज हुए इस केस से उनकी राजनीतिक छवि पर भी असर पड़ सकता है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद भोपाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।