Jabalpur News: पिसनहारी मढ़िया में वुल्फ स्नेक ने महिला को काटा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिसनहारी मढ़िया की पहाड़ी बस्ती में एक महिला को वुल्फ स्नेक (स्थानीय नाम गनैता सर्प) ने काट लिया। महिला की पहचान निशा रैकवार के रूप में हुई है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य है।

घटना उस समय की है जब निशा घर में काम कर रही थीं। अचानक उनका हाथ लगभग सवा फीट लंबे एक सांप पर पड़ गया, जिसने उनकी दाहिनी हाथ की अंगुली में काट लिया। झटके से सांप नीचे गिरा और ईंट की कच्ची दीवार में बने सुराग में घुस गया।

परिजन तत्काल महिला को अस्पताल ले गए और सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को मौके पर बुलाया गया। दुबे ने बताया कि यह वुल्फ स्नेक है, जो विषैला नहीं होता। उन्होंने सांप को दीवार से रेस्क्यू कर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।

गजेंद्र दुबे ने बताया, "वुल्फ स्नेक आक्रामक प्रवृत्ति का होता है और इसके मुंह में करीब 25-25 दांत होते हैं। यह मुख्यतः छिपकलियां और चूहों के बच्चों को खाता है। गर्मियों में ऐसे जीव ठंडी जगह की तलाश में घरों में घुस आते हैं, घबराने की आवश्यकता नहीं है।"

Post a Comment

Previous Post Next Post